(रियल हीरो मोहम्मद साकिब ने बचाई मरीज की जान, तीन घंटे में किया एसडीपी रक्तदान)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला की सामाजिक संस्था “एक मदद ब्लड ग्रुप समिति” एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए चर्चा में आई है। समिति के सक्रिय सदस्य मोहम्मद साकिब ने निस्वार्थ भाव से रक्तदान कर 4 दिन के बच्चे जो गंभीर मरीज है उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमालयन जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती बेबी ऑफ संगीता उम्र मात्र 4 दिन , लंग्स की गंभीर बीमारी से जूझ रहा हैं, को बी पॉजिटिव एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स ) की अत्यंत आवश्यकता थी। मरीज के परिजन इस स्थिति को लेकर काफी चिंतित थे। हिमालयन ब्लड बैंक ने इस दौरान “एक मदद ब्लड ग्रुप समिति” के संस्थापक एवं अध्यक्ष साकिर हुसैन से संपर्क किया।
सूचना मिलते ही साकिर हुसैन ने समिति के समर्पित सदस्य मोहम्मद साकिब से संपर्क किया। मोहम्मद साकिब ने बिना समय गंवाए देहरादून डोईवाला के जौलीग्रांट गांव से तुरंत अस्पताल पहुंचकर अपनी जांच कराई। जांच में वे उपयुक्त डोनर पाए गए और उन्होंने तुरंत एसडीपी रक्तदान किया।
बताया गया कि हाजी मोहम्मद साकिब ने करीब 3 घंटे तक ब्लड बैंक में रहकर एक अनजान 4 दिन के बच्चे के लिए अपना कीमती समय और सेवा समर्पित की। उनका यह कार्य न केवल मानवता की मिसाल है बल्कि समाज के लिए प्रेरणादायक भी है।
समिति के पदाधिकारियों ने मोहम्मद साकिब का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि मोहम्मद साकिब पहले भी कई बार रक्तदान कर जरूरतमंदों की जान बचा चुके हैं और 23 वर्ष की उम्र में उनका यह जज्बा उन युवाओं के लिए एक प्रेरणा है जो रक्तदान करने से घबराते है और डरते है रक्तदान सबसे बड़ा दान है जिसको प्रत्येक व्यक्ति को करना चाहिए।



