पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करने की जरूरत। जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल
एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान और स्वच्छता पखवाड़े में नगर पालिका परिसर में कार्यक्रम ।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती नगर पालिका परिषद प्रांगण में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि का नमन किया और उनके आदर्शों को याद किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन समाज और राष्ट्रहित को समर्पित रहा। उनका एकात्म मानववाद हर नागरिक को सेवा और विकास की प्रेरणा देता है। कहा कि आज की पीढ़ी को पंडित दीनदयाल के विचारों को आत्मसात करने की जरूरत है। उन्होंने पौधारोपण को लेकर कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से माँ के प्रति सम्मान प्रकट होता है और यह हरित क्रांति का संकल्प भी है। आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना हमारी ज़िम्मेदारी है।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि उपाध्याय ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया। मातृभूमि और समाज सेवा के उनके आदर्श हर पीढ़ी को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हर परिवार अपनी माँ के नाम से कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। इससे समाज में स्वच्छता और हरियाली दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका अधिशासी एमएल शाह, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी मनीष छेत्री, जिला उपाध्यक्ष विक्रम नेगी, मंडल महामंत्री आदेश पवार, हिमांशु भट्ट, आयुष मल्ल, कृष्णा तड़ियाल, प्रकाश कोठारी के अलावा भाजपा कार्यकर्ता और नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।



