विद्युत कटौती और लो-वोल्टेज से परेशान लोगों ने विद्युत उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, (भीषण गर्मी में क्षेत्र में बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या)
डोईवाला जौलीग्रांट (राजेंद्र वर्मा):
भानियावाला क्षेत्र में लगातार हो रही विद्युत कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर वार्ड नंबर 10 के सभासद ईश्वर रौथान ने डोईवाला विद्युत उपखंड कार्यालय पहुंचकर उपखंड अधिकारी गिरिराज सैनी को ज्ञापन सौंपा। बिजली गुल रहने और वोल्टेज कम होने से घरेलू उपकरण खराब हो रहे हैं, वहीं छात्रों की पढ़ाई और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
वार्ड नंबर 10 के सभासद ईश्वर रौथान ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासी बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार विभाग को अवगत कराने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाई जाए और लाइन सुधार का कार्य किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
विद्युत उपखंड अधिकारी गिरिराज सैनी ने कहा कि विभाग को क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी मिल गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तकनीकी टीम द्वारा जल्द ही सर्वे कर आवश्यक सुधार कार्य किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जहां-जहां वोल्टेज की समस्या अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों ने उम्मीद जताई कि विभाग के इस आश्वासन के बाद वार्ड नंबर 10 में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में शीघ्र सुधार देखने को मिलेगा।



