Blog

विश्व रक्तदाता दिवस पर हिम्स में रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित, (स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए 21 यूनिट रक्त संग्रह, दुर्लभ बॉम्बे ब्लड ग्रुप डोनर अमन राणा सम्मानित)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स) जौलीग्रांट में रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना, रक्तदान के महत्व को समझाना और दुर्लभ रक्त समूह वाले रक्तदाताओं को सम्मानित करना था।
कार्यक्रम का आयोजन हिम्स के इम्यूनोहीमेटोलॉजी एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग की ओर से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीन हिम्स ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान प्रदान कर सकता है। नियमित स्वैच्छिक रक्तदान से समाज में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 21 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। कार्यक्रम में दुर्लभ ’’बॉम्बे ब्लड ग्रुप’’ के रक्तदाता अमन राणा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. दुष्यंत गौर ने बताया कि बॉम्बे ब्लड ग्रुप विश्व में लगभग 10 लाख लोगों में से एक और भारत में लगभग 10 हजार लोगों में से एक व्यक्ति में पाया जाता है। उन्होंने बताया कि अमन राणा उत्तराखंड के पहले रिपोर्टेड बॉम्बे ब्लड ग्रुप डोनर हैं, जिनकी पहचान वर्ष 2022 में हिम्स जौलीग्रांट में हुई थी।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविरों के आयोजन में सहयोग करने वाले विभिन्न संगठनों एवं स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया। इसके दौरान आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में सुहानी पयाल ने प्रथम और डॉ. लक्षिता नंदा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में अक्षिता प्रथम और पलक शाक्य द्वितीय रहीं। विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. दुष्यंत गौर, डॉ. यशस्वी धीमान, डॉ. सागरिका अग्रवाल, आदित्यवीर सहरावत और सुधीर जोशी सहित विभाग के चिकित्सक, कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button