Blog

हाथी का उत्पात: मिस्सरवाला में फलदार पेड़ों को नुकसान, बाउंड्री वॉल तोड़ी, (वार्ड नंबर एक में सोमवार देर रात को घुसा जंगली हाथी, दो घरों में मचाई तोड़फोड़; ग्रामीणों में दहशत)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
वार्ड नंबर एक मिस्सरवाला में सोमवार देर रात जंगली हाथी के अचानक आबादी क्षेत्र में घुस आने से अफरा-तफरी मच गई। हाथी ने सबसे पहले अशोक गुरुंग के घर पहुंचकर उनके फलदार पेड़ों को नुकसान पहुंचाया। हाथी ने पेड़ों पर लगे फलों को खा लिया और कई पौधों को कुचल दिया, जिससे बागवानी को भारी क्षति हुई।

इसके बाद हाथी केशवानंद जोशी के परिसर में पहुंचा, जहां उसने मकान की दो तरफ बनी बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया। दीवार गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोग जाग गए, लेकिन हाथी के डर से कोई भी घर से बाहर नहीं निकल सका। कुछ देर तक क्षेत्र में उत्पात मचाने के बाद हाथी जंगल की ओर चला गया।

घटना के बाद से पूरे इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ समय से आबादी क्षेत्र के आसपास हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे फसलों, बाग-बगीचों और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने के साथ ही क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र बाली ने कहा कि आबादी क्षेत्र में हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही गंभीर चिंता का विषय है। वन विभाग को प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करनी चाहिए और प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा दिया जाना चाहिए, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।

रेंज अधिकारी मेधावी कीर्ति ने कहा कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। हाथी जंगल की ओर लौट चुका है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button