Blog

पहली बार चुनाव जीतकर फूल सिंह वर्मा ने लहराया विजय परचम, (परवादून बार एसोसिएशन चुनाव में अध्यक्ष पद पर ऐतिहासिक जीत, कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
परवादून बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर फूल सिंह वर्मा ने पहली बार मतों के आधार पर जीत दर्ज कर विजय परचम लहराया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मतगणना के बाद घोषित परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर फूल सिंह वर्मा को 39 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अतर सिंह को 30 मत मिले। इस प्रकार फूल सिंह वर्मा ने 9 मतों के अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व वे लंबे समय 12 वर्ष तक निर्विरोध अध्यक्ष रहे, जबकि इस बार उन्होंने चुनाव मैदान में उतरकर पहली बार चुनाव जीतने का इतिहास रचा।

सचिव पद पर मनोहर सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुरेश भट्ट को 22 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। मनोहर सैनी को 45 मत प्राप्त हुए, जबकि सुरेश भट्ट को 23 मत मिले। इस पद पर एक मत अवैध घोषित किया गया।

उपाध्यक्ष पद का मुकाबला बेहद रोचक रहा। इस पद पर मनीष धीमान और अतुल कुमार दोनों को 34-34 मत प्राप्त हुए। एक मत अवैध होने के कारण परिणाम बराबरी पर रहा। अब इस पद का निर्णय निर्वाचन नियमों के तहत आगे की प्रक्रिया के अनुसार दोनों 6, 6 माह तक उपाध्यक्ष पद पर कार्य करेंगे।

सह सचिव पद पर महेश लोधी ने मोहम्मद जुबेर को कड़े मुकाबले में दो मतों से पराजित किया। महेश लोधी को 35 तथा मोहम्मद जुबेर को 33 मत प्राप्त हुए। यहां भी एक मत अवैध पाया गया।

प्लस-5 पद पर मोईन ने रमन को 16 मतों से हराया। मोईन को 42 मत और रमन को 26 मत प्राप्त हुए, जबकि एक मत अवैध घोषित किया गया।

इसके अलावा कई पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। आरक्षित महिला उपाध्यक्ष पद पर तरन्नुम सलीम, कोषाध्यक्ष पद पर अरुण कुमार, लेखा परीक्षक पद पर भास्कर बलोनी तथा पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर मोनिका पटेल निर्विरोध चुनी गईं। वहीं महिला सदस्य (5 प्लस) पद पर पूजा यादव तथा सदस्य (3 प्लस) पद पर सुमित कुमार और निधि को भी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
मुख्य चुनाव अधिकारी सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। परिणाम घोषित होने के बाद नव निर्वाचित पदाधिकारियों को अधिवक्ताओं ने बधाई दी। विजयी प्रत्याशियों ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत, एकजुट और अधिवक्ताओं के हित में कार्य करने का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button