सेवा सप्ताह में स्वास्थ्य का महाअभियान, दूसरे दिन भी सैकड़ों मरीजों को मिला निशुल्क उपचार। (सीएचसी डोईवाला में 511 पंजीकरण, 271 बीपी-शुगर जांच, 35 अल्ट्रासाउंड, 88 एक्स-रे सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सेवा सप्ताह के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में मरीजों ने निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। क्षेत्र के दूर-दराज गांवों सहित नगर क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और विभिन्न जांचें कराईं। दिनभर स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की आवाजाही बनी रही तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को सुव्यवस्थित तरीके से उपचार और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया।
शिविर के दूसरे दिन 511 लोगों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान 271 लोगों की रक्तचाप एवं शुगर जांच, 100 स्वास्थ्य स्क्रीनिंग, 35 अल्ट्रासाउंड, 88 एक्स-रे, 6 ईसीजी तथा 3 मरीजों का प्लास्टर किया गया। साथ ही डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देते हुए 171 आभा कार्ड और 10 आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. के.एस. भंडारी ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह शिविर आमजन को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग शिविर का लाभ उठा रहे हैं, जिससे समय रहते बीमारियों की पहचान और उपचार संभव हो रहा है। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, आधुनिक जांच सुविधाओं और स्वास्थ्य विभाग की समन्वित व्यवस्था के कारण मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है। डॉ. भंडारी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और ऐसे निशुल्क चिकित्सा शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।



