सेवा, सुशासन और समर्पण से ही अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा विकास। सांसद त्रिवेंद्र रावत (डोईवाला के जीवनवाला माजरी ग्रांट में बहुउद्देशीय शिविर, जनसमस्याओं का मौके पर निस्तारण, योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जनता से सीधे संवाद और त्वरित समाधान के उद्देश्य से जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत डोईवाला के जीवनवाला माजरी ग्रांट में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया, बहुउद्देशीय शिविर में वन, स्वास्थ्य, विद्युत, उद्यान, जल संस्थान, आदि विभागों ने अपने स्टाल लगाए।
सेवा सुशासन समर्पण अभियान के अंतर्गत जीवनवाला माजरी ग्रांट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल द्वारा दीप प्रज्वलित कर सभी विभाग द्वारा लगाए गए स्टोलों का अवलोकन किया।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राजस्व, पेयजल, बिजली, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं रखीं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री के पांच वर्ष पूरे होने पर भाजपा सरकार की उपलब्धियां हर वर्ग तक पहुंची हैं। महिला सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूहों को मजबूती, गरीब कल्याण योजनाएं, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की बड़ी उपलब्धियां रही हैं।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी शासन, भ्रष्टाचार पर सख्ती और योजनाओं की सीधी पहुंच से जनता का विश्वास सरकार पर बढ़ा है। ऐसे बहुउद्देशीय शिविर प्रशासन और जनता के बीच दूरी को खत्म कर रहे हैं।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए ऐसे शिविर बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। आने वाले समय में हर गांव तक विकास पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि जन-जन के द्वार अभियान भाजपा की सेवा भावना और सुशासन का प्रतीक है। सरकार और संगठन मिलकर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों से पारदर्शिता बढ़ी है और आम जनता का सरकार पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम में एसडीएम अपर्णा ढोडियाल, खंड विकास अधिकारी परशुराम सकलानी, ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी,माजरी ग्रांट प्रधान निशा देवी,जीवन वाला प्रधान गुरजीत सिंह लाडी,माजरी ग्रांट प्रधान प्रतिनिधि मंगल सिंह, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ममता नयाल, जिला उपाध्यक्ष उषा कोठारी,भाजपा माजरी मंडल अध्यक्ष रश्मि देवी, भाजपा वरिष्ठ नेता राजकुमार राज, प्रदीप नेगी जेटली के अलावा जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



