स्वच्छता और हरियाली से सशक्त होगा समाज। विदुषी निशंक (मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर स्वच्छता पखवाड़ा के तहत ग्राम जीवनवाला में स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा के स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय एवं हिमालय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत जीवनवाला, फतेहपुर टांडा में स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत आम, अमरूद, नींबू सहित विभिन्न फलदार पौधों का रोपण कर ग्रामीण क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण को सशक्त करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की उपाध्यक्ष एवं विदुषी मिशन की प्रेरक विदुषी निशंक ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा है। स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दें और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. राकेश सुंदरियाल कहा कि इस तरह के अभियानों से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ती है और स्वच्छता के प्रति लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने ग्रामीणों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान यह सामूहिक संकल्प लिया गया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। अभियान के तहत गांव में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया और स्वच्छ ग्राम–स्वस्थ ग्राम का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान गुरजीत सिंह, विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. राकेश सुंदरियाल, संयुक्त निदेशक डॉ. प्रदीप कोठियाल, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा ग्राम पंचायत के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को निरंतर जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



