विकास की कार्य योजनाओं और विकास कार्य में भ्रष्टाचार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरव
ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी ने सदन में इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा ब्लॉक परिसर में लगाने का प्रस्ताव रखा।
क्षेत्र पंचायत की बैठक में सदस्यों ने बिजली पानी सड़क की समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी उर्फ गिन्नी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारियों ने नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों को संबंधित विभाग की कार्य योजना की विस्तृत रूप से जानकारी दी। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने क्षेत्र की बिजली, पानी, सड़क, पुलिया आदि समस्याओं को प्रमुखता के साथ रखा। क्षेत्र पंचायत सदस्य इंद्रजीत सिंह ने सदन में संबंधित विभाग के अधिकारियों पर मशरूम लघु उद्योग के लिए फर्जी तरीके से लोन देने का आरोप लगाया। इस मामले में ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस मामले में जांच कर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कार्य योजनाओं और विकास कार्य में भ्रष्टाचार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




