नवरात्रि का पर्व भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का जीवंत उदाहरण । पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल
डोईवाला ऋषिकेश (राजेंद्र वर्मा):
विधानसभा ऋषिकेश के अंतर्गत साहबनगर स्थित हिमालय देवी मंदिर समिति साहब नगर (छिद्दरवाला) द्वारा शारदीय नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर देर रात्रि हुए भव्य महाकालरात्रि महोत्सव का आयोजन बड़े हर्षोल्लास एवं श्रद्धा भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता भारी संख्या में उपस्थित रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए ऋषिकेश विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल ने मां दुर्गा का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक डॉ. अग्रवाल ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि नवरात्रि का पर्व भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का जीवंत उदाहरण है, जिसमें शक्ति, भक्ति और साधना का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
उन्होंने कहा कि यह विजय दशमी पर्व हमें असत्य पर सत्य की विजय और अंधकार पर प्रकाश की जीत का संदेश देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “वोकल फॉर लोकल” के आह्वान को अपनाते हुए त्योहारों के अवसर पर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करें। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि लोकल उत्पादों का उपयोग करने से न केवल हमारी परंपराएं सुरक्षित रहेंगी बल्कि स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि हमारे त्यौहार केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये सामाजिक सद्भाव, एकता और संस्कृति को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने माता रानी से समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक बल का संचार होता है।
इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने विधायक डॉ. अग्रवाल का स्वागत किया और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मंदिर समिति अध्यक्ष धीरज थापा,जिला पंचायत सदस्य विजयलक्ष्मी पवार ,के के थापा, जयेंद्र रमोला, बुद्ध बहादुर गुरुंग, लक्ष्मी बहादुर थापा, संगीता गुरुंग, कमला शर्मा, अनीता प्रधान, भावना गुरुंग, अंबर गुरुंग, हिमांशु पवार, शोबन सिंह कैंतुरा, प्रीति रावत आदि मौजूद रहे ।



