दोपहर में बंद घर में भड़की आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान।
घर पर कोई मौजूद नहीं था, दमकल ने आग पर पाया काबू।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
कोटी अठूरवाला क्षेत्र में मंगलवार को एक बंद मकान में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने कुछ ही समय में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में घर के भीतर रखा सारा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार मकान मालिक चंडी प्रसाद बलोनी अपनी पत्नी के साथ घर बंद कर दुकान गए हुए थे। दोपहर के समय घर से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने इसकी सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई।
लालतप्पड़ फायर स्टेशन से पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।
हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन घर का पूरा सामान जल जाने से परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। आग लगने का कारण प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट बताया गया है। वार्ड सभासद प्रदीप नेगी जेटली ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पीड़ित परिवार को प्रशासन से शीघ्र सहायता देने की मांग की है।



