Blog

लोक संस्कृति से जुड़ी नई पीढ़ी, बडोनी के विचारों को किया आत्मसात।

लोक संस्कृति दिवस पर पब्लिक इंटर कॉलेज में रंगारंग कार्यक्रम

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लोक संस्कृति दिवस एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की जयंती के अवसर पर पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला में सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक लोक नृत्य, लोक गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक विरासत को मंच पर जीवंत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे परिसर में सांस्कृतिक उत्साह का माहौल रहा।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि इंद्रमणि बडोनी का संपूर्ण जीवन उत्तराखंड के लिए समर्पित रहा। उनके संघर्ष और त्याग से ही अलग राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति दिवस जैसे आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
विद्यालय प्रबंधक मनोज नौटियाल ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में अपनी परंपराओं के प्रति सम्मान और पहचान को मजबूत करते हैं। उन्होंने छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल, पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, ईश्वर चंद पाल सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button