Blog
पालिकाध्यक्ष के अड़ियल रवैये के खिलाफ सभासदों का धरना चौथे दिन भी जारी। वार्ता नहीं हुई तो सोमवार से आमरण अनशन पर बैठेंगे प्रदीप नेगी जेटली।
वार्ता नहीं हुई तो सोमवार से आमरण अनशन पर बैठेंगे प्रदीप नेगी जेटली।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका से जुड़े जनहित के मुद्दों को लेकर सभासदों द्वारा शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। रविवार को धरना दे रहे सभासदों ने पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन पर अड़ियल और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का आरोप लगाया।
प्रदीप नेगी जेटली ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि नगरवासियों की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए है। लेकिन पालिकाध्यक्ष इन समस्याओं को गंभीरता से लेने के बजाय टालने का रवैया अपनाए हुए हैं।
धरने में शामिल सभासद संदीप नेगी ने भी पालिकाध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अब तक किसी भी मांग पर लिखित और ठोस आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पालिकाध्यक्ष की जिद और नगर पालिका की सुस्त कार्यप्रणाली का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दबाव में कुछ कार्यों में तेजी जरूर दिखाई गई है, लेकिन यह केवल दिखावटी कदम हैं।
सभासदों ने कहा कि उनका उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि समस्याओं का स्थायी समाधान है, लेकिन पालिकाध्यक्ष का अड़ियल रवैया संवाद की राह में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। जब तक सभी जनहित के मुद्दों पर स्पष्ट कार्ययोजना और समयसीमा तय नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन में पूर्व सभासद हिमांशु राणा और सभासद प्रतिनिधि विनीत मनवाल,भाजपा नेता परिपूर्णानंद मिश्रा, अनिल कंडारी, गणेश उनियाल, नवीन चंद्र जोशी आदि भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जनता के हितों से जुड़ा यह आंदोलन समाधान मिलने तक पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।



