केशवपुरी में बन रहे दशहरा मेला ग्राउंड पार्क का अधिशासी अधिकारी ने किया निरीक्षण।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखी, दिए सख्त निर्देश, तय मानकों के अनुसार कार्य पूरा करने पर जोर।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर क्षेत्र के केशवपुरी राजीव नगर में 97 लाख की लागत से दशहरा मेला ग्राउंड में निर्माणाधीन पार्क का नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, फिनिशिंग और कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अधिशासी अधिकारी ने अवर अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि पार्क का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह पार्क क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा है, इसलिए कार्य पूरी जिम्मेदारी और गुणवत्ता के साथ किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ने बताया कि पार्क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे पूर्ण कर दशहरा मेला समिति को समर्पित कर दिया जाएगा। पार्क के बन जाने से स्थानीय लोगों को टहलने, बच्चों के खेलने और सामाजिक गतिविधियों के लिए एक बेहतर व सुरक्षित स्थान उपलब्ध होगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए ताकि कार्य में तेजी बनी रहे और समय पर पार्क को जनता के उपयोग के लिए खोल दिया जाए।
पात्र दशहरा मेला एवं क्रीड़ा समिति डोईवाला के सचिव राजेंद्र वर्मा ने कहा कि दशहरा मेला ग्राउंड में पार्क सौंदर्यकरण कार्य का निर्माण पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल के प्रयासों ने ही हो पाया है। उन्होंने कहा कि दशहरा मेला ग्राउंड पार्क का निर्माण समिति के 30 वर्षों के संघर्षों का परिणाम है। यह क्षेत्र वासियों के लिए बहुत बड़ी सौगात होगी।



