उत्तराखंड की होनहार बेटी का शानदार मुकाम, वैष्णवी लोहनी बनीं ‘मिस टैलेंटेड’
फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड-2026 के ग्रैंड फिनाले में योग-नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुति से जीता प्रतिष्ठित खिताब।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सिनमिट कम्युनिकेशंस की ओर से आयोजित फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड-2026 के ग्रैंड फिनाले में वैष्णवी लोहनी ने ‘मिस टैलेंटेड’ का खिताब अपने नाम कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि को उत्तराखंड की उभरती प्रतिभा और सांस्कृतिक पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

प्रतियोगिता के टैलेंट राउंड में वैष्णवी ने प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर के भजन ‘बम लहरी’ पर योग और नृत्य का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और लयबद्ध नृत्य का ऐसा सुंदर समावेश देखने को मिला कि दर्शकों के साथ-साथ निर्णायक भी मंत्रमुग्ध हो गए।
अपनी सफलता पर वैष्णवी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ अपनी अलग पहचान बनाने का मंच देती हैं। उन्होंने बताया कि योग और नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाना और युवाओं को इससे जोड़ना उनका उद्देश्य है।
इस उपलब्धि पर साईं सृजन पटल परिवार ने वैष्णवी लोहनी को शुभकामनाएं दीं और उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। पटल के संस्थापक प्रो.(डॉ.) के. एल. तलवाड़ ने कहा कि वैष्णवी ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि साईं सृजन पटल की ओर से शीघ्र ही वैष्णवी को सम्मानित किया जाएगा।



