Blog

कंचन ज्वेलर्स में शातिर टप्पेबाजी, पांच लाख का सोना गायब, (ग्राहक बनकर आए गिरोह ने बातों में उलझाकर उड़ाईं छह सोने की चेन)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला के चौक बाजार स्थित कंचन ज्वेलर्स में शुक्रवार शाम शातिर टप्पेबाजों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। ग्राहक बनकर आए चार सदस्यीय गिरोह ने महज कुछ मिनटों में करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने के गहने पार कर दिए और मौके से रफूचक्कर हो गया।

दुकान मालिक सुरेंद्र कुमार कक्कड़ के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे दो पुरुष ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और सोने के गहनों को देखने के बहाने उन्हें बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान उनके साथ आई दो महिलाओं ने मौका पाकर दुकान में रखी आलमारी तक पहुंच बनाते हुए ट्रे सहित छह सोने की चेन बैग में रख लीं। इसके बाद चारों आरोपी सामान्य व्यवहार करते हुए दुकान से बाहर निकल गए, जिससे किसी को शक नहीं हुआ।
कुछ देर बाद जब दुकानदार ने आलमारी की ओर ध्यान दिया तो सोने की चेन की ट्रे गायब मिली। चोरी का एहसास होते ही तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

कोतवाली प्रभारी केके लुंठी ने बताया कि मामला सुनियोजित टप्पेबाजी का प्रतीत होता है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और गिरोह की तलाश में टीमें जुटी हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

वारदात के बाद चौक बाजार के व्यापारियों में दहशत और चिंता का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से बाजार में गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने दुकानदारों से सतर्क रहने, अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button