पालिका क्षेत्र में विधवा, वृद्धा व विकलांग सत्यापन के लगभग 800 फॉर्म जमा, तहसील में रही भीड़, (तीन टेबलों पर हुआ फॉर्म संग्रह, सूची बनाकर समाज कल्याण विभाग को भेजी जाएगी)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विधवा, वृद्धा एवं विकलांग पेंशन सत्यापन से संबंधित लगभग 800 फॉर्म तहसील परिसर में जमा किए गए। फॉर्म जमा करने को लेकर तहसील में दिनभर आवेदकों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन टेबल लगाकर फॉर्म स्वीकार किए गए, जिससे प्रक्रिया तेज और व्यवस्थित रही।
राजस्व उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश ने बताया कि सभी प्राप्त फॉर्मों की प्राथमिक जांच कर ली गई है। आगे की कार्रवाई के लिए फॉर्मों की सूची तैयार कर समाज कल्याण विभाग को भेजी जाएगी, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
राजस्व उप निरीक्षक कुंवर सिंह सैनी ने कहा कि भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गईं। तीन टेबलों पर अलग-अलग श्रेणियों के फॉर्म लिए गए, जिससे बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को अनावश्यक परेशानी न हो।
राजस्व उपनिरीक्षक अचला सिंह ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है। सूची समाज कल्याण विभाग को भेजे जाने के बाद आगे की पात्रता जांच कर लाभ स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू होगी।
प्रशासन ने आवेदकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की कमी होने पर सूचना दिए जाने पर समय रहते सुधार करा लें, ताकि लाभ में विलंब न हो।



