Blog

जीआईसी माजरी ग्रांट में छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक, (स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के प्राकृतिक चिकित्सा विभाग ने आयोजित की जागरूकता कार्यशाला, स्वच्छता, आहार व महिला स्वास्थ्य पर दी जानकारी)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
माजरी ग्रांट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में गुरुवार को स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के प्राकृतिक चिकित्सा विभाग की ओर से एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का संचालन डॉ. आरती गौड़ ने किया।
कार्यशाला में छात्राओं को सामान्य स्वच्छता (जनरल हाइजीन) के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता एवं आवश्यक सावधानियों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। साथ ही संतुलित आहार में क्या लेना चाहिए और किन चीजों से परहेज करना चाहिए, इस पर भी मार्गदर्शन दिया गया।

डॉ. आरती गौड़ ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव और समय-समय पर जांच की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया। इसके अलावा स्त्री एवं प्रसूति रोगों से संबंधित सामान्य समस्याओं पर चर्चा करते हुए प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से सुरक्षित उपचार विकल्पों की जानकारी साझा की गई। उन्होंने दर्द निवारक दवाइयों के अधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी छात्राओं को सचेत किया।
कार्यशाला के दौरान छात्राओं को भविष्य के करियर विकल्पों पर भी मार्गदर्शन दिया गया तथा नैचुरोपैथी कोर्स के बारे में जानकारी दी गई। छात्राएं वैष्णवी चौहान एवं नेहा ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए छात्राओं को जागरूक करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना, सही जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना एवं भविष्य के लिए उचित दिशा प्रदान करना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button