बुल्लावाला में 45 किसानों को मिली फार्मर आईडी, सरकारी योजनाओं का लाभ होगा सीधे खाते में, (कृषि विभाग के विशेष अभियान से बनी डिजिटल पहचान, अनुदान, बीमा व ऋण प्रक्रिया होगी सरल)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
बुल्लावाला में कृषि विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत 45 किसानों की फार्मर आईडी तैयार की गई। इस डिजिटल पहचान के बनने से किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, बीज-खाद व कृषि यंत्रों पर अनुदान, किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कृषि ऋण तथा प्राकृतिक आपदा की स्थिति में मुआवजा जैसी सुविधाएं अब सीधे और आसानी से मिल सकेंगी।
फार्मर आईडी के जरिए किसानों को अलग-अलग योजनाओं के लिए बार-बार आवेदन करने और दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। एक ही डिजिटल पहचान से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सकेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
ग्राम प्रधान परमिंदर सिंह बाउ ने कहा कि फार्मर आईडी किसानों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। इससे योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और सरकारी सहायता सही लाभार्थियों तक सीधे पहुंचेगी। डिजिटल व्यवस्था से किसानों को समय पर योजनाओं का लाभ मिलेगा और उनकी परेशानी कम होगी।
कृषि विभाग की सहायक अधिकारी प्रियंका थपलियाल ने बताया कि फार्मर आईडी एक यूनिक डिजिटल पहचान है, जिसके माध्यम से किसान सभी कृषि योजनाओं से सीधे जुड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि आगे भी ऐसे अभियान चलाकर क्षेत्र के सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी बनाई जाए।
कृषि विभाग का मानना है कि फार्मर आईडी से किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलेगा, उनकी आय में वृद्धि होगी और कृषि व्यवस्था अधिक सशक्त व पारदर्शी बनेगी।
इस दौरान बीटीएम संजय बर्थवाल सहित कई किसान मौजूद थे।



