कम दृश्यता बनी उड़ानों की लैंडिंग में बाधा, पांच फ्लाइटें डायवर्ट। (कई विमानों ने आसमान में लगाए चक्कर, मौसम सुधरने पर घंटों बाद हुई लैंडिंग)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण मंगलवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हवाई यातायात प्रभावित रहा। रनवे पर दृश्यता कम होने के चलते विभिन्न शहरों से आने वाली पांच उड़ानों को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद इन उड़ानों को चंडीगढ़, अमृतसर और दिल्ली एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद कई उड़ानें तीन से चार घंटे की देरी से जौलीग्रांट पहुंचीं।
खराब मौसम और कम दृश्यता के बीच लैंडिंग का प्रयास कर रहे विमानों को आसमान में कई चक्कर लगाने पड़े। इसके बावजूद अनुकूल परिस्थितियां नहीं बनने पर उन्हें जौलीग्रांट में उतरने की अनुमति नहीं मिली। मंगलवार सुबह 9:50 बजे दिल्ली से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को चंडीगढ़ एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया।
सुबह 9:55 बजे मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को अमृतसर एयरपोर्ट भेजा गया। वहीं, सुबह 10:20 बजे दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को वापस दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा इंडिगो की सुबह 11 बजे मुंबई और दोपहर 12:50 बजे हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट को भी चंडीगढ़ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया ी
मौसम में सुधार होने के बाद कुछ डायवर्ट की गई उड़ानों को जौलीग्रांट लाया गया। दिल्ली से सुबह 10:20 बजे आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट दोपहर 2:25 बजे यात्रियों को लेकर जौलीग्रांट पहुंची। वहीं, इंडिगो की चंडीगढ़ से आने वाली फ्लाइट दोपहर 12 बजे के निर्धारित समय के बजाय 2:18 बजे एयरपोर्ट पहुंची। दोपहर 12:50 बजे निर्धारित फ्लाइट शाम 4:26 बजे जौलीग्रांट पहुंची।
इसके अलावा दोपहर 2:20 बजे मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट 46 मिनट की देरी से 3:06 बजे एयरपोर्ट पर उतरी। उड़ानों के डायवर्जन और देरी के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर कई घंटे तक इंतजार करना पड़ा।



