Blog

सामान दिखाने के बहाने दुकान में घुसा शातिर, 50 हजार रुपये से भरा बैग लेकर फरार। (रॉयल स्पोर्ट्स में गुरुवार शाम हुई वारदात, महिला साथी के साथ नीली स्कूटी से भागा आरोपी; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):डोईवाला के मिल रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप रॉयल स्पोर्ट्स की दुकान में बीते गुरुवार 20 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे शातिराना तरीके से बैग चोरी करने का मामला सामने आया। ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे एक व्यक्ति ने सामान दिखाने के बहाने दुकान मालिक योगेश वाधवान को उलझाया और मौका पाकर उनका बैग लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला साथी के साथ नीली स्कूटी से आया था।

पीड़ित दुकानदार योगेश वाधवान के मुताबिक, बैग में करीब 50 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। आरोपी दुकान में सामान देखने के बहाने पहुंचा और मौका मिलते ही बैग लेकर बाहर निकल गया। इसके बाद वह महिला साथी के साथ नीली स्कूटी पर बैठकर फरार हो गया।
वारदात का पता चलने पर दुकान मालिक ने डोईवाला कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के आने और फरार होने के रास्ते की भी जानकारी जुटा रही है।

कोतवाली प्रभारी राकेश गुसाईं ने बताया कि घटना से जुड़े सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button