श्राद्ध कर्म पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर बरसीं कमलेश रमन। (भाजपा की पत्रकार वार्ता में राहुल गांधी और कांग्रेस की सोच पर उठाए सवाल)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिता के श्राद्ध कर्म को लेकर कांग्रेस के फेसबुक पेज पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कड़ी नाराजगी जताई है। रविवार को भानियावाला स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा।
कमलेश रमन ने कहा कि श्राद्ध कर्म हिंदू धर्म की सदियों पुरानी परंपरा है, जिसका संबंध परिवार की आस्था और भावनाओं से होता है। ऐसे संवेदनशील अवसर पर टिप्पणी करना न केवल अनुचित है, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं का अपमान भी है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी के पारिवारिक संस्कार और धार्मिक आस्था को राजनीति का विषय बनाना कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने राहुल गांधी और मोहम्मद दीपक की टिप्पणियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस को सनातन परंपराओं के प्रति अपनी सोच स्पष्ट करनी चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि धार्मिक आस्थाओं का सम्मान सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि 180 लोगों की जान बचाने वाले पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के साहस पर राहुल गांधी ने एक भी ट्वीट नहीं किया, लेकिन धार्मिक भावनाओं से जुड़े विषय पर टिप्पणी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को संवेदनशील विषयों पर राजनीति करने के बजाय मानवीय और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में मनीष क्षेत्री, वंदना स्वामी, चंद्रभान पाल, संपूर्ण रावत और विनोद शास्त्री सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।



