झबरावाला में दो दिन से मखना हाथी की लगातार आवाजाही, ग्रामीणों में दहशत। (एक महीने पहले हाथी के हमले में हुई थी व्यक्ति की मौत, सोलर फेंसिंग लगाने का प्रस्ताव भेजा)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
मारखम ग्रांट के झबरावाला क्षेत्र में पिछले दो दिनों से मखना हाथी की लगातार आवाजाही बनी हुई है। हाथी की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। करीब एक महीने पहले हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद से ग्रामीण हाथियों की आवाजाही को लेकर चिंतित हैं।
स्थानीय निवासी किशन नेगी ने कहा कि जंगल के समीप क्षेत्र में दो दिनों से हाथी लगातार दिखाई दे रहा है, जिससे ग्रामीणों को जान-माल की सुरक्षा की चिंता सता रही है। उन्होंने वन विभाग से नियमित गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
ग्राम प्रधान परमिंदर सिंह बाउ ने कहा कि हाथी की लगातार आवाजाही से ग्रामीण भयभीत हैं। पूर्व में हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। ऐसे में वन विभाग को क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।
कासरों रेंज अधिकारी शीतल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में मखना हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र में सोलर फेंसिंग लगाने का प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक नहीं जाने की अपील की।



