गुरु नानक महाराज के प्रकाशोत्सव पर आज निकलेगा भव्य नगर कीर्तन। (शबद-कीर्तन और गुरु वाणी के जयकारों से गूंजेंगे नगर के प्रमुख मार्ग, प्रेमनगर गुरुद्वारे से शुरू होगी शोभायात्रा)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव महाराज के प्रकाशोत्सव के अवसर पर रविवार को डोईवाला में भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। नगर कीर्तन को लेकर गुरुद्वारा परिसर में तैयारियां की गई हैं। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सिख संगत शामिल होकर गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करेंगे।
नगर कीर्तन प्रेमनगर स्थित गुरुद्वारा परिसर से प्रारंभ होकर डोईवाला शुगर मिल, मिल रोड, नगर चौक, चांदमारी और प्रेमनगर बाजार से होते हुए वापस गुरुद्वारा परिसर में संपन्न होगा। इस दौरान नगर के विभिन्न मार्ग गुरु नानक देव महाराज की वाणी और जयकारों से भक्तिमय होंगे। श्रद्धालु नगर कीर्तन का जगह-जगह स्वागत भी करेंगे।
गुरुद्वारा प्रधान गुरदीप सिंह ने बताया कि गुरु नानक देव महाराज का प्रकाशोत्सव सिख समाज के लिए विशेष महत्व रखता है। गुरु महाराज ने हमेशा प्रेम, भाईचारे, समानता और मानव सेवा का संदेश दिया। नगर कीर्तन के माध्यम से उनके विचारों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से नगर कीर्तन में शामिल होकर प्रकाशोत्सव की खुशियां साझा करने की अपील की।



