(जरूरतमंद बच्चों की मदद को बढ़ाए हाथ, बांटे स्कूली बैग शिक्षक वीरेंद्र दत्त नैथानी की स्मृति में परिजनों ने पब्लिक इंटर कॉलेज में की पहल)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शिक्षक वीरेंद्र दत्त नैथानी की स्मृति में उनके परिजनों ने पब्लिक इंटर कॉलेज के जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को स्कूली बैग वितरित किए। गुरुवार को विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विमला नैथानी और सुनीता पंत ने जूनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों को बैग प्रदान किए।
विमला नैथानी और सुनीता पंत ने कहा कि शिक्षक वीरेंद्र दत्त नैथानी की स्मृति को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूली बैग वितरित किए गए हैं। बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना ही इस पहल का उद्देश्य है।
प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि जरूरतमंदों की पीड़ा समझकर उनकी सहायता के लिए आगे आना ही सच्ची मानवता और सामाजिकता है। शिक्षक अश्वनी गुप्ता और अवधेश सेमवाल ने कहा कि समाज के साधन संपन्न लोगों को जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। ऐसे सहयोग से शैक्षिक संस्थानों के विकास को भी मजबूती मिलती है।
इस दौरान शिक्षक ओमप्रकाश काला, तेजवीर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।



