(तीन दशक बाद रानीपोखरी में फिर शुरू हुई रामलीला पांच दिसंबर तक चलेगा मंचन, पहले दिन राम जन्म, ताड़का वध और कैलाश लीला का हुआ मंचन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
करीब 34 साल बाद रानीपोखरी में एक बार फिर रामलीला का मंचन शुरू हो गया है। पहले दिन राम जन्म, ताड़का वध और कैलाश लीला का मंचन किया गया। रामलीला पांच दिसंबर तक चलेगी। इसका शुभारंभ यूकेडी नेता डॉ. एस. चौधरी सौम्य पहाड़ी ने फीता काटकर किया।
रामलीला में कलाकारों ने विभिन्न प्रसंगों का मंचन कर दर्शकों को धार्मिक कथाओं से रूबरू कराया। मंचन देखने के लिए क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
डॉ. एस. चौधरी सौम्य पहाड़ी ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद रामलीला की शुरुआत होना क्षेत्र के लिए खुशी की बात है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम बनेगा। उन्होंने समिति को प्रतिवर्ष आयोजन जारी रखने के लिए बधाई दी।
ग्राम प्रधान सुधीर रतूड़ी ने कहा कि गांव में रामलीला शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करते हैं।
कमेटी अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि समिति का प्रयास है कि रामलीला का आयोजन हर वर्ष किया जाए, जिससे क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा आगे बढ़े।
इस दौरान महामंत्री विनोद गुप्ता, उपाध्यक्ष सुबोध चौहान उपाध्यक्ष राजकिशोर, जीवन चौहान, नवीन चौधरी, जोगेंद्र सिंह, दीपक,अरविंद भट्ट, सतीश सेमवाल, अनूप कुमार और पंचम मियां सहित अन्य मौजूद रहे।



