अठूरवाला विस्थापितों ने दायित्वधारी धीरेंद्र पवार के सामने रखी समस्याएं। (एयरपोर्ट विस्तारीकरण को लेकर प्रभावितों में चिंता, जमीन के बदले जमीन और बढ़े सर्किल रेट के अनुसार मुआवजे की मांग)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अठूरवाला विस्थापित क्षेत्र में दायित्वधारी धीरेंद्र पवार ने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान अठूरवाला संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने एयरपोर्ट विस्तारीकरण को लेकर अपनी चिंताओं और मांगों से उन्हें अवगत कराया।
अठूरवाला संघर्ष समिति के अध्यक्ष मनजीत सजवान ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण को लेकर सरकार की मंशा अभी साफ नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि अठूरवाला के लोगों को तीसरी बार विस्थापन का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रभावित परिवारों के सामने भविष्य और पुनर्वास को लेकर चिंता बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार को प्रभावित परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट नीति बनानी चाहिए। विस्थापितों को जमीन के बदले जमीन उपलब्ध कराने के साथ ही बढ़े हुए सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को उचित पुनर्वास और उनकी जमीन का न्यायपूर्ण मूल्य मिलना जरूरी है।
दायित्वधारी धीरेंद्र पवार ने कहा कि स्थानीय लोगों की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा। इस मामले में मुख्यमंत्री से बातचीत कर एयरपोर्ट विस्तारीकरण से प्रभावित परिवारों की मांगों और समस्याओं को उनके सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान महावीर पवार शुभम पवार, पंकज कोठियाल, खेम सिंह, सजवान, विक्रम सिंह, ध्यान सिंह, गोपाल, राजेंद्र,संतोष बबली,सुषमा आदि ग्रामीण मौजूद रहे।



