उत्कृष्ट मुख्यमंत्री सर्वेक्षण में धामी को दूसरा स्थान, पंवार ने जताई खुशी। (धामी के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में बनाई नई पहचान, 2027 में भी भाजपा सरकार बनने का जताया भरोसा)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
उत्तराखंड ब्रॉडकास्ट की ओर से प्रकाशित उत्कृष्ट मुख्यमंत्री सर्वेक्षण 2026 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दूसरा स्थान मिलने पर मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह पंवार ने खुशी जताई है। उन्होंने इसे उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री को बधाई दी। पंवार ने कहा कि धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने जैसे फैसलों से सरकार ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में भी विकास कार्यों को गति मिली है।
पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने और आमजन तक उनका लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण में मिला स्थान मुख्यमंत्री के नेतृत्व और सरकार के कार्यों को मिली पहचान है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी अपनी उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाएगी और प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।



