खलदार की सड़क और लिस्ट्राबाद में विधि विश्वविद्यालय के निर्माण का मिला आश्वासन, (रानीपोखरी की दूरस्थ पंचायतों की समस्याओं पर विधायक ने अधिकारियों को दिए त्वरित निर्देश)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
रानीपोखरी न्याय पंचायत के दूरस्थ गांव खलदार (रखवाल गांव) में लंबे समय से लंबित पक्की सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों को राहत का आश्वासन मिला है। क्षेत्र के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मांग पर विधायक बृजभूषण गैरोला ने रानीपोखरी पहुंचकर ग्रामीणों और किसानों की समस्याएं सुनीं।
बैठक में खलदार (रखवाल गांव) के पैदल कच्चे मार्ग को पक्की सड़क में बदलने, न्याय पंचायत की आंतरिक सड़कों के निर्माण, लिस्ट्राबाद में विधि विश्वविद्यालय की स्थापना सहित अन्य जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
भाजपा किसान मोर्चा गढ़वाल सहसंयोजक अरुण शर्मा ने बताया कि खलदार गांव आज तक सड़क और पानी की सुविधाओं से वंचित रहा है, जिसके कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण पलायन कर चुके हैं। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो शेष परिवारों के पलायन का खतरा भी बना रहेगा।
विधायक गैरोला ने खलदार मार्ग, पंचायत की आंतरिक सड़कों तथा लिस्ट्राबाद में विधि विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला महामंत्री जीवन चौहान, जिला मंत्री सुनील यादव, जिला कोषाध्यक्ष उदय रमोला, मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा, मंडल मंत्री संजय असवाल, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष शंभू श्रेष्ठ सहित पूरन भट्ट, किशोरी लाल भट्ट, राम कुमार, महावीर गुप्ता, विनोद गुप्ता, द्वारका प्रसाद ध्यानी और अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता व मातृशक्ति उपस्थित रहे।



