Blog

तेलीवाला रेलवे फाटक की बदहाली पर सभासद रियासत अली ने उठाई आवाज, मरम्मत की मांग, (स्टेशन अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, जर्जर फाटक से राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर जताई चिंता)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगरपालिका परिषद डोईवाला के वार्ड संख्या-15 स्थित तेलीवाला रेलवे स्टेशन फाटक की जर्जर हालत को लेकर सभासद रियासत अली ने पहल की है। उन्होंने स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को गंभीरता से उठाते हुए स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर फाटक की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि तेलीवाला रेलवे फाटक की खराब स्थिति के कारण प्रतिदिन हजारों राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फाटक पर बने गड्ढों और टूटी सतह के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। बरसात के मौसम में यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

सभासद रियासत अली ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और सुगम यातायात उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि रेलवे विभाग जनहित को देखते हुए इस मामले में शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन पहले की तरह सुरक्षित एवं सुचारु हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button