आबादी और कृषि क्षेत्र में जंगली हाथी से बढ़ते खतरे को लेकर वन विभाग से पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की मांग।
लच्छीवाला में हाथियों की बढ़ती आवाजाही पर सौंपा गया ज्ञापन।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका क्षेत्र के लच्छीवाला स्थित वार्ड 20 में हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। इस समस्या को लेकर रविवार को भाजपा डोईवाला मंडल उपाध्यक्ष एवं सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी ने लच्छीवाला रेंज अधिकारी मेधावी कीर्ति को ज्ञापन सौंपकर वन विभाग से ठोस कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कुछ समय से हाथियों का आबादी क्षेत्र में प्रवेश बढ़ गया है, जिससे आमजन की जान-माल को खतरा बना हुआ है। हाथियों द्वारा खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।
प्रकाश कोठारी ने प्रभावित क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर विद्युत फेंसिंग को मजबूत करने तथा जंगल क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने की मांग की। साथ ही हाथियों से फसल क्षति झेल रहे किसानों को शीघ्र मुआवजा देने और क्षेत्र में बढ़ती बंदरों की समस्या पर नियंत्रण के लिए पिंजरे लगाए जाने की भी मांग उठाई गई।
इस संबंध में लच्छीवाला रेंज अधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि वन विभाग द्वारा हाथी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि रात्रि गश्त को और सख्त किया जाएगा तथा आबादी क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही रोकने के लिए आवश्यक कदम जल्द ही उठाए जाएंगे।



