Blog

खेतों में हाथियों का कहर, किसानों की जान और फसल दोनों खतरे में। (माधोवाला में रात दो बजे हाथी ने किसान के पीछे लगाई दौड़, वन विभाग की गश्त पर उठे सवाल; बुल्लावाला में भी कई बीघा फसल बर्बाद)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लच्छीवाला वन रेंज क्षेत्र में हाथियों का आतंक किसानों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। हाथी खेतों में घुसकर तैयार फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। माधोवाला के वार्ड नंबर 17 में गन्ने के खेत में घुसे हाथी को भगाने पहुंचे किसान जायब सिंह को हाथी ने दौड़ा दिया। किसान ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

किसान जायब सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से हाथी गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई बीघा गन्ना रौंद चुके हैं। रात करीब दो बजे खेत में हाथियों की आवाज सुनकर वह उन्हें भगाने पहुंचे थे, तभी एक हाथी उनके पीछे दौड़ पड़ा। कुछ दिन पहले बुल्लावाला में भी हाथियों ने किसानों की कई बीघा फसल बर्बाद कर दी थी।

किसान जसवीर सिंह ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभाग की गश्त केवल खानापूर्ति बनकर रह गई है। किसान अपनी तैयार फसल को बर्बाद होते देखने को मजबूर हैं। अब उनके सामने अपनी फसल बचाने के साथ जान की सुरक्षा का भी संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही ने खेती-किसानी को जोखिम भरा बना दिया है। वन विभाग को घटनाओं के बाद सक्रिय होने के बजाय पहले से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।

लच्छीवाला वन रेंज अधिकारी गंभीर सिंह धमांदा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी। हाथियों से फसलों को हुए नुकसान का नियमानुसार आकलन कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button