Blog

माजरी ग्रांट में जबरन स्मार्ट मीटर लगाने पर ग्रामीणों का विरोध, (अखिल भारतीय किसान सभा ने अधिकारियों से वार्ता कर काम रोकने की मांग की)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
माजरी ग्रांट के हरिजन मोहल्ले में बिजली विभाग द्वारा ग्रामीणों की मर्जी के खिलाफ स्मार्ट मीटर लगाए जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया। मामले की जानकारी मिलने पर अखिल भारतीय किसान सभा के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर विभागीय अधिकारियों से बातचीत की।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो दिनों से बिजली विभाग की टीम मोहल्ले में स्मार्ट मीटर लगा रही है, जबकि पहले से डिजिटल मीटर लगे हुए हैं। किसान सभा मंडल सचिव याकूब अली ने सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता से वार्ता करते हुए कहा कि जब उपभोक्ता पहले से लगे डिजिटल मीटर के आधार पर नियमित रूप से बिल भुगतान कर रहे हैं, तो स्मार्ट मीटर लगाने की आवश्यकता क्या है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुराने मीटर में कोई कमी थी, तो अब तक उन्हीं के आधार पर बिल क्यों वसूले गए, इस पर विभागीय अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके

किसान सभा मंडल उपाध्यक्ष जाहिद अंजुम एवं संयुक्त सचिव अनूप कुमार पाल ने कहा कि किसी भी स्थिति में ग्रामीणों पर स्मार्ट मीटर नहीं थोपे जा सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध से बचने के लिए विभाग द्वारा पहले गरीब बस्तियों को चुना जा रहा है। किसान सभा ने स्पष्ट किया कि संगठन जल्द ही इस मामले को लेकर सरकार व प्रशासन से वार्ता करेगा और तब तक माजरी ग्रांट सहित कहीं भी स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं। चेतावनी दी गई कि यदि जबरदस्ती की गई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी।

इस अवसर पर किसान सभा के उपाध्यक्ष सरजीत सिंह, मंडल सचिव याकूब अली, मंडल उपाध्यक्ष जाहिद अंजुम, संयुक्त सचिव अनूप कुमार पाल, सुशील कुमार, सत्यपाल, रामपाल, गंगा दास, सुमन कुमारी, श्यामू, उमा देवी, मंगल सिंह, घनश्याम, सुभाष कुमार, विजय कुमार, पम्मू, मंजीत कुमार, विश्वजीत, धीरज कुमार, मुकेश कुमार (वार्ड सदस्य), पूनम देवी, पर्मिला देवी, अंकिता देवी, मंगेश कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button