Blog

(साईं सृजन पटल के बुक बैंक से तीन छात्राओं को भेंट की काॅमर्स की पुस्तकें)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराने की दिशा में साईं सृजन पटल की पहल के तहत डोईवाला महाविद्यालय की बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की तीन छात्राओं को पाठ्यक्रम की पुस्तकें भेंट की गईं। इसके साथ ही पटल द्वारा संचालित ‘पुस्तक भेंट-सर्वश्रेष्ठ’ अभियान की शुरुआत हुई।
साईं सृजन पटल के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. के.एल. तलवाड़ ने बताया कि विद्यार्थियों की सहायता के उद्देश्य से गत 15 अगस्त को पटल के जोगीवाला स्थित कार्यालय में बुक बैंक की स्थापना की गई थी। बुक बैंक के लिए डॉ. हरीश चंद्र रतूड़ी, प्रो. आर.के. उभान, प्रो. डी.डी. मैठाणी, गिरीश चंद्र पंत तथा प्रो. के.एल. तलवाड़ ने कॉमर्स, अर्थशास्त्र, भूगोल एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई हैं।
उन्होंने बताया कि बुक बैंक का मुख्य उद्देश्य पढ़ाई में रुचि रखने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों को उनके पाठ्यक्रम के अनुरूप निःशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को डोईवाला महाविद्यालय के विद्यार्थियों को पुस्तकें उपलब्ध कराई गईं।
महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अर्जुन रवि एवं डॉ. अनुराग भंडारी द्वारा पुस्तक भेंट के लिए तीन छात्राओं का चयन किया गया। शनिवार को बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं वर्षा, अर्पिता और काजल को उनकी पढ़ाई से संबंधित पुस्तकों के सेट भेंट किए गए।
साईं सृजन पटल के सदस्य अंकित तिवारी ने बताया कि तीनों छात्राओं को उनके पाठ्यक्रम के प्रमुख विषयों वित्तीय लेखांकन, व्यवसाय संगठन एवं प्रबंधन तथा सूक्ष्म अर्थशास्त्र की पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि बुक बैंक के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पाठ्यक्रम की पुस्तकें पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पटल की इस पहल की महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी.पी. भट्ट, प्रो. जानकी पंवार, प्रो. नवीन नैथानी एवं प्रो. राकेश जोशी सहित अनेक अभिभावकों ने सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराने जैसी पहल शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग और सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायी उदाहरण है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button