Blog

सिला चौकी गडुल में आपदा से बही सड़क, विधायक गैरोला ने किया स्थलीय निरीक्षण, (अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश, ह्यूम पाइप से बनेगी अस्थायी पुलिया, बारिश के बाद बनेगा स्थायी पुल)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के सिला चौकी गडुल में हाल ही में आई भीषण आपदा से सड़क मार्ग और अमगढ़ खाला की पुलिया बह जाने के कारण क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह कट गया है।

बुधवार को विधायक बृजभूषण गैरोला ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, पेयजल, राजस्व और लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों से क्षति का ब्यौरा लिया।

उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए और किसी भी जरूरतमंद को सहायता से वंचित न रखा जाए। साथ ही आवागमन जल्द बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार करने और प्रभावित परिवारों के घरों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार का निर्माण शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

विधायक ने अधिकारियों से भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षित स्थान का चयन कर स्थायी और मजबूत पुल का प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि बरसात के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि वर्तमान में लोगों की आवाजाही बहाल करने के लिए ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी पुलिया बनाई जा रही है। बरसात समाप्त होने के बाद सुरक्षित स्थान पर स्थायी और मजबूत पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत मिले और क्षेत्र में जनजीवन जल्द सामान्य हो।
उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राहत और पुनर्वास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी, प्रधान स्वीटी रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र रावत, उप प्रधान जयराज रावत, डोईवाला सभासद ईश्वर रौथान, आदि के अलावा ग्रामीण घनश्याम रावत, संदीप पुंडीर, सरिता, रजनी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button