Blog

हाथी हमले में किशोर की मौत पर कांग्रेस नेताओं ने जताया दुख, परिजनों से मिले।

मानव–वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने की मांग।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
हाथी हमले में किशोर कुणाल थापा की मौत के बाद शनिवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। नेताओं ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएँ प्रशासन की लापरवाही की ओर इशारा करती हैं और अब स्थिति को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जरूरत है।

कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा ने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए दुखद है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी हाथियों के हमलों में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार अब तक दिखाई नहीं देता। बहुगुणा ने प्रशासन से मांग की कि मानव–वन्यजीव संघर्ष रोकने हेतु स्थायी और प्रभावी योजनाएँ तुरंत लागू की जाएँ, ताकि ग्रामीण सुरक्षित वातावरण में रह सकें।

नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी ने भी परिजनों से मिलकर दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही के बावजूद न तो पर्याप्त गश्त बढ़ाई गई है और न ही चेतावनी तंत्र मजबूत किया गया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी, सुरक्षा दीवार, अलर्ट सिस्टम और अतिरिक्त वन कर्मियों की तैनाती जैसे कदम तुरंत उठाए जाएँ।

प्रतिनिधिमंडल में प्रधान राहुल मनवाल, जॉली ग्रांट मंडल अध्यक्ष आशीष मनवाल, अठुरवाला मंडल अध्यक्ष संजीव भट्ट, उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश काला, यशपाल बिष्ट सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने दुख की इस घड़ी में परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button