महादेव खाले में अत्यधिक बरसात का पानी आने से सुशील कुमार का मकान गिरने की कगार पर सिंचाई विभाग से मदद की अपील।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
रानीपखरी भोगपुर-इठरना मार्ग पर महादेव खाले मे अत्यधिक बरसात का पानी आने से सुशील कुमार का मकान खतरे की जद में आ गया है। बरसात से लगातार कटाव होने के कारण मकान की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। स्थानीय लोग हादसे की आशंका जता रहे हैं। लेकिन प्रशासन ने अभी तक कोई भी शुद्ध नहीं ली है।
पीड़ित सुशील कुमार ने बताया कि परिवार के साथ रहना मुश्किल हो गया है और हर वक्त मकान गिरने का डर बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से राहत और स्थायी समाधान की गुहार लगाई।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा नेता सतीश सेमवाल ने कहा कि उन्होंने पूरी जानकारी सिंचाई विभाग को दे दी है। विभाग को चाहिए कि त्वरित कार्रवाई कर प्रभावित परिवार को राहत दिलाई जाए।
इस मामले में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता कुलदीप कुमार ने बताया कि विभागीय टीम को मौके पर भेजा गया है। स्थिति का आकलन किया जा रहा है और शीघ्र ही आवश्यक कार्यवाही की जाएगी ताकि खतरे को टाला जा सके।



