हिम्स जॉलीग्रांट–टीएचडीसी की संयुक्त पहल: टिहरी में शुरू हुआ साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर, (हिमालयन हॉस्पिटल, जॉली ग्रांट के विशेषज्ञ चिकित्सक प्रत्येक बुधवार देंगे सेवाएं)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
हिमालयन इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स) जॉलीग्रांट, देहरादून और टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की संयुक्त पहल से टिहरी जिले के भागीरथीपुरम स्थित टीएचडीसीआईएल चिकित्सालय में साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया है। इस पहल के माध्यम से टिहरी एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, टीएचडीसी कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को अब स्थानीय स्तर पर ही हिमालयन हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित सेवाएं उपलब्ध होंगी।
मंगलवार को चिकित्सा शिविर का शुभारंभ स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) कुमार शरद, मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) आर.आर. सेमवाल व मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन/केन्द्रीय संचार) डॉ. ए.एन. त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर एसआरएचयू के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना ने कहा कि हमारा उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हिम्स के विशेषज्ञ चिकित्सक अब प्रत्येक सप्ताह टिहरी पहुंचकर मरीजों को परामर्श एवं उपचार प्रदान करेंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने निकट ही उपलब्ध होंगी। उन्होंने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के साथ इस सहयोग को जनस्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दीर्घकालिक पहल बताया।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) कुमार शरद ने कहा कि यह पहल कर्मचारियों, उनके आश्रितों एवं स्थानीय नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यक्रम क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।
मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) आर.आर. सेमवाल ने कहा कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड विद्युत उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण के कार्यों के प्रति भी समान रूप से प्रतिबद्ध है।
इस दौरान टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग, पूजा गर्ग सहित टीएचडीसी की तरंगिनी ऑफिसर्स महिला क्लब की सक्रिय भूमिका और सतत प्रयासों से इस पहल को मूर्त रूप मिल सका।
मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन/केन्द्रीय संचार) डॉ. ए.एन. त्रिपाठी ने कहा कि कर्मचारियों एवं स्थानीय समुदाय के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति टीएचडीसी की प्रतिबद्धता का यह कार्यक्रम सशक्त उदाहरण है।
कार्यक्रम में डॉ. हेमचंद्र पांडेय सहित टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी, तरंगिनी ऑफिसर्स महिला क्लब की सदस्याएं, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, स्थानीय नागरिक तथा बड़ी संख्या में टीएचडीसी के कर्मचारी उपस्थित रहे।
हर बुधवार मिलेंगी विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं।
अब प्रत्येक बुधवार टीएचडीसीआईएल चिकित्सालय, भागीरथीपुरम में हिमालयन हॉस्पिटल, जॉली ग्रांट के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। शिविर में मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग तथा ईएनटी विभागों के विशेषज्ञ मरीजों का परीक्षण, परामर्श एवं उपचार करेंगे। मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा बाल रोग विशेषज्ञ प्रत्येक बुधवार उपलब्ध रहेंगे, जबकि ईएनटी विशेषज्ञ प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय बुधवार को अपनी सेवाएं देंगे।



