सोते हुए दंपत्ति के घर घुसा चोर, 12 लाख के गहनों पर हाथ साफ करने की कोशिश नाकाम, दंपत्ति ने धर दबोचा चोर।
लच्छीवाला निवासी विश्व हिंदू परिषद से जुड़ी राखी छेत्री के घर में हुई चोरी की वारदात, एक को दबोचा तीन मौके से फरार।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लच्छीवाला में दो सितंबर को चोरों ने दंपत्ति के घर में सेंध लगाने की दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। चोर ग्रिल की जाली काटकर घर में घुसे और कीमती गहनों व सामान पर हाथ साफ करने की कोशिश की। हालांकि शोरगुल के बीच एक चोर दंपत्ति ने धर दबोचा है। जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।
विश्व हिंदू परिषद से जुड़ी राखी छेत्री ने बताया कि देर रात करीब 3:20 बजे अज्ञात चोर ग्रिल काटकर घर में दाखिल हुए। चोर मोबाइल, हेडफोन, कार की चाबी और करीब 12 लाख रुपये के गहनों को लेकर भागने ही वाले थे कि अचानक उनकी नींद खुल गई। शोर सुनकर घर में हड़कंप मच गया। दंपत्ति ने साहस दिखाते हुए एक चोर को दबोच लिया, लेकिन तीन अन्य साथी मौके से भाग निकले। राखी छेत्री ने बताया कि घर से एक सोने की चेन और एक सोने की लॉन्ग गायब है, जिनकी कीमत लगभग 1.60 लाख रुपये आंकी गई है। उनका कहना है कि घटना के दौरान चोरों में किसी भी तरह का खौफ नजर नहीं आया। ऐसा लग रहा था जैसे उन्हें किसी का डर ही नहीं है। अगर समय रहते हम जागते नहीं तो घर का सारा सामान साफ हो जाता।
कोतवाली डोईवाला के एस एस आई विनोद राणा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। क्षेत्र में गश्त और चौकसी बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



