त्योहारों पर रेलवे रोड पर जाम, दुकानदार और नागरिकों ने पार्किंग का सही उपयोग करने की अपील।
खरीदारी करने आए ग्राहकों से अनुरोध, वाहन केवल अधिकृत पार्किंग में ही खड़े करें।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला के नगर क्षेत्र के मुख्य बाजार रेलवे रोड पर त्योहारों के समय भारी भीड़ और जाम की समस्या बढ़ जाती है। रेलवे स्टेशन पर पेड पार्किंग उपलब्ध होने के बावजूद कई लोग अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और पैदल यात्रियों को भी परेशानी होती है।
रेलवे रोड के दुकानदार प्रशांत गुप्ता ने कहा कि त्योहारों पर खरीदारी करने आए ग्राहकों से अनुरोध है कि वे अपने वाहन केवल अधिकृत पार्किंग में ही खड़े करें। इससे यातायात सुचारू रहेगा और सभी के लिए सुरक्षित वातावरण बनेगा।
दुकानदार अपूर्व गोयल ने बताया कि लोग अपनी सुविधा अनुसार वाहन बीच सड़क पर खड़ा कर देते हैं और कई बार घंटों तक पता नहीं चलता। त्योहारों के दौरान जाम लगना आम है, इसलिए सभी को अपने वाहन अधिकृत पार्किंग में ही खड़ा करना चाहिए।
कोतवाल प्रभारी प्रदीप राणा ने सकारात्मक रूप में कहा कि हम त्योहारों के चलते सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। नागरिकों से अनुरोध है कि वे नियमों का पालन करें और वाहन केवल अधिकृत पार्किंग में ही खड़े करें। इससे जाम और असुविधा दोनों से बचा जा सकेगा।



