शबरी द्वारा प्रभु श्रीराम के चरण पखारने का भावनात्मक दृश्य दर्शकों को भावुक कर गया।
बड़ासी ग्रांट रामलीला में उमड़ा भक्तिभाव, छठे दिन प्रमुख प्रसंगों ने बांधा समा।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
बड़ासी ग्रांट की रामलीला अपने शिखर पर पहुँचती दिखाई दे रही है। छठे दिन के मंचन ने धार्मिक उत्साह, भावनाओं और नाटकीय प्रभाव का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। शबरी मिलन, सुग्रीव–राम मित्रता, बाली वध और हनुमान द्वारा लंका दहन जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों को कलाकारों ने इस तरह जीवंत किया कि मैदान जयघोषों से गूंज उठा।
मंच पर शबरी द्वारा प्रभु श्रीराम के चरण पखारने का भावनात्मक दृश्य दर्शकों को भावुक कर गया, वहीं सुग्रीव–राम मित्रता में भाईचारे और विश्वास का संदेश साफ झलका। बाली वध का प्रसंग भी शक्ति, नीति और धर्म के सार को प्रभावी ढंग से सामने लाया।
सबसे अधिक रोमांचक क्षण तब आया जब हनुमान ने लंका दहन का असरदार दृश्य मंचित किया। कलाकार के दमदार प्रदर्शन और मंच सज्जा ने पूरे माहौल को दहकती लंका के रूप में बदल दिया, जिससे दर्शकों में उत्साह चरम पर पहुंच गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र रावत और जिला पंचायत सदस्य मीना मनवाल मौजूद रहे। दोनों ने कलाकारों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि रामलीला जैसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
छठे दिन की प्रस्तुति में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही, जिससे मंचन और भी जीवंत बन पड़ा। आयोजन स्थल पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, समिति अध्यक्ष दिनेश चुनरा, महेंद्र भट्ट, सुभाष मनवाल,रेनू चुनारा जितेंद्र बिष्ट सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



