गांव की पहचान और सौंदर्यीकरण भी विकास का अहम हिस्सा। गौरव चौधरी ( सिमलास ग्रांट में राज्य वित्त आयोग से बने नवनिर्मित द्वार का लोकार्पण)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सिमलास ग्रांट में राज्य वित्त आयोग की संस्तुति/अनुदान से निर्मित नवनिर्मित मुख्य द्वार का लोकार्पण ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी विधि विधान से पूजा अर्चना कर रीबन काट कर किया।
ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि गांवों का विकास केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि गांव की पहचान और सौंदर्यीकरण भी विकास का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि राज्य वित्त आयोग के माध्यम से बने इस द्वार से सिमलास ग्रांट को एक अलग पहचान मिलेगी और यह गांव की सांस्कृतिक छवि को मजबूत करेगा। कहा कि डोईवाला ब्लॉक के सभी गांवों में योजनाओं का लाभ समान रूप से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
गौरव चौधरी ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में अन्य विकास कार्यों को भी गति दी जाएगी। स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए पंचायत के साथ मिलकर निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
सिमलास ग्रांट प्रधान सुषमा बोरा ने राज्य वित्त आयोग और ब्लॉक प्रमुख का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए द्वार के निर्माण से गांव को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि पंचायत जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आगे भी विकास योजनाओं को धरातल पर उतारेगी।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी परशुराम सकलानी, ग्राम विकास अधिकारी मनजीत सिंह, पूर्व प्रधान उमेद बोरा, रफल सिंह, अर्जुन, राजन विपिन, रोमित आदि के अलावा ग्रामीण मौजूद रहे।



