डोईवाला को स्वच्छता में नंबर-वन बनाने की मुहिम शुरू, नगर पालिका ने छेड़ा जागरूकता अभियान। अटल निर्मल नगर पुरस्कार में द्वितीय स्थान के बाद अब प्रथम स्थान का लक्ष्य।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका क्षेत्र को साफ, स्वच्छ और आदर्श नगर बनाने के उद्देश्य से डोईवाला नगर पालिका द्वारा स्वच्छता जागरूकता कैंपेन का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने करते हुए कहा कि हाल ही में डोईवाला नगर पालिका को अटल निर्मल नगर पुरस्कार में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है, जो नगर के लिए गर्व की बात है। अब नगर पालिका का लक्ष्य आगामी मूल्यांकन में प्रथम स्थान हासिल कर डोईवाला को प्रदेश में स्वच्छता का मॉडल नगर बनाना है।
इस स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में प्लान फाउंडेशन उत्तराखंड का भी सहयोग मिल रहा है। फाउंडेशन के सदस्य वैभव पटेल ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ाना है, ताकि स्वच्छता केवल एक सरकारी प्रयास न रहकर नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी बने। जनसहयोग से ही डोईवाला को स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश में नंबर-वन बनाया जा सकता है।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे और सभी ने मिलकर स्वच्छ व स्वस्थ डोईवाला के निर्माण का संकल्प लिया। इस मौके पर कोमल देवी, रीता नेगी, पूनम तोमर, आशा सेमवाल, उर्मिला देवी, फरीदा खातून, अनिता अग्रवाल,माया अधिकारी आदि समूह की महिलाएं मौजूद थे।



