कैटल कैचर और नए कूड़ा वाहनों से बदलेगी नगर की तस्वीर, आमजन को मिलेगी राहत । चेयरमैन नरेंद्र सिंह नेगी
डोईवाला नगर पालिका के बेड़े में शामिल हुए पांच नए कूड़ा वाहन और आधुनिक कैटल कैचर,निराश्रित पशुओं पर लगेगी लगाम, स्वच्छता व्यवस्था होगी और मजबूत।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर पालिका ने एक और अहम कदम उठाया है। नगर पालिका के बेड़े में पांच नए कूड़ा वाहन और एक अत्याधुनिक कैटल कैचर वाहन शामिल किए गए। विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि नगर क्षेत्र में लंबे समय से निराश्रित पशुओं की समस्या बनी हुई थी, जिससे आए दिन यातायात बाधित होता था और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका ने अपना स्वयं का कैटल कैचर वाहन खरीदा है। अब पशुओं को पकड़ने के लिए बाहर से वाहन मंगवाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि नया कैटल कैचर आधुनिक तकनीक से लैस है, जिससे पशुओं को सुरक्षित और मानवीय तरीके से पकड़ा जा सकेगा। इससे न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि नगर की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारू होगी। अध्यक्ष ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्य निरंतर किए जाएंगे। नगर क्षेत्र में बढ़ती आबादी और स्वच्छता की जरूरतों को देखते हुए पांच नए कूड़ा वाहन भी बेड़े में शामिल किए गए हैं। इन वाहनों के संचालन से घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी। इससे कूड़े के ढेर, गंदगी और बदबू की समस्या से निजात मिलेगी तथा नगर को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने बताया कि कैटल कैचर वाहन पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जिससे पशुओं को किसी प्रकार की चोट पहुंचाए बिना सुरक्षित ढंग से पकड़ा जा सकेगा। साथ ही नए कूड़ा वाहनों से सफाई कार्य में गति आएगी और नगर की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने में भी सहयोग मिलेगा।
इस दौरान नप मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत, सभासद ईश्वर रोथान, अरुण सोलंकी, राकेश डोभाल,गौरव मल्होत्रा, अमित कुमार, सुरेंद्र के अलावा सभासद प्रतिनिधि विनीत मनवाल, अवतार सिंह प्रकाश कोठारी,अमित सैनी, कुलदीप खत्री आदि मौजूद रहे I



