Blog

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोपरि, एसडीआरएफ पूरी तरह मुस्तैद। अर्पण यदुवंशी (सेनानायक ने राज्य आपदा प्रतिवादन बल की तैयारियों का किया निरीक्षण, रेस्क्यू उपकरण, वाहन और संचार व्यवस्था परखी)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
चारधाम यात्रा–2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य आपदा प्रतिवादन बल ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

शनिवार को सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने एसडीआरएफ की परिचालन व्यवस्थाओं का भौतिक और विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और संसाधनों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया गया।

निरीक्षण के दौरान वाहिनी स्टोर में मौजूद रेस्क्यू उपकरणों की गहन जांच की गई और उनकी कार्यक्षमता परखी गई। वहीं एम टी शाखा में आपातकालीन वाहनों का ट्रायल लेकर उनकी त्वरित संचालन क्षमता का आकलन किया गया। संचार प्रणाली, लॉजिस्टिक सपोर्ट, आपदा प्रतिक्रिया तंत्र, डॉग स्क्वाड और पैरामेडिकल व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

सेनानायक ने निर्देश दिए कि सभी उपकरण और वाहन हर समय क्रियाशील स्थिति में रहें तथा उनका नियमित अनुरक्षण किया जाए। संचार व्यवस्था को मजबूत और निर्बाध बनाए रखने के साथ ही विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रणनीतिक तैनाती तथा नियमित मॉक ड्रिल के माध्यम से टीमों को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश भी दिए गए।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों पर सूचना और जागरूकता से जुड़े बैनर लगाने तथा आवश्यक दिशा-निर्देश स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के आदेश दिए गए।

सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में एसडीआरएफ की टीमें पूरी तत्परता और समर्पण के साथ तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगी।
चारधाम यात्रा 2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एसडीआरएफ हर स्तर पर तैयार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button