डोईवाला पीजी कॉलेज में 30 घंटे का अतिरिक्त कौशल आधारित योग प्रशिक्षण संपन्न, (ऑनलाइन–ऑफलाइन माध्यम से हुआ प्रशिक्षण, 100 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया लाभ)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला स्थित शहीद दुर्गामल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला एवं उत्कर्ष योग समिति देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में संचालित अतिरिक्त कौशल आधारित पाठ्यक्रम के अंतर्गत 30 घंटे का योग प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हो गया।
यह योग प्रशिक्षण कार्यक्रम ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित किया गया, जिसमें महाविद्यालय के छात्र–छात्राओं, शिक्षकों, कार्मिकों के साथ-साथ आम जनमानस ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को षट्कर्म, संधि संचालन अभ्यास, आसन, प्राणायाम, मुद्रा, बंध एवं ध्यान का व्यवस्थित अभ्यास कराया गया तथा योग से संबंधित सैद्धांतिक ज्ञान भी प्रदान किया गया।
समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. डी.पी. भट्ट ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है और प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से योगाभ्यास करना चाहिए।
उत्कर्ष योग समिति के संस्थापक डॉ. सत्येन्द्र सिंह एवं महाविद्यालय के योग प्रशिक्षक अमित नेगी ने संयुक्त रूप से प्रशिक्षणार्थियों को योग के व्यावहारिक अभ्यास के साथ उसके शास्त्रीय एवं सैद्धांतिक पक्षों से भी परिचित कराया।
डॉ. सत्येन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि योग प्रशिक्षुओं के लिए शीघ्र ही एक ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इस योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में 100 से अधिक प्रशिक्षुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सम्मानित प्राध्यापक, कार्मिक, छात्र–छात्राएं एवं आम जनमानस भी उपस्थित रहे।



