(नंदिनी वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड और कर्मचारियों के बीच लिखित समझौता, हड़ताल समाप्त)
नगर की सफाई व्यवस्था आम जनता से जुड़ा विषय है इसे प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। नेगी
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका क्षेत्र में दो दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल देर शाम समाप्त हो गई। नंदिनी वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड और कर्मचारियों के बीच नगर पालिका परिसर में लिखित समझौता हुआ, जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की।
देर शाम चली लंबी वार्ता में नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी और अधिशासी अधिकारी एमएल शाह की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। समझौते के दौरान कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही 12 सूत्रीय मांगों को एजेंसी द्वारा मान लिया गया, जिसे लिखित रूप दिया गया।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि एजेंसी ने कर्मचारियों की 12 सूत्रीय मांगों को स्वीकार कर लिया है और उनके क्रियान्वयन का आश्वासन भी दिया गया है। अध्यक्ष नेगी ने कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था आम जनता से जुड़ा विषय है और किसी भी हाल में इसे प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने कहा कि लिखित समझौते के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी है और शीघ्र ही सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर लौट आएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समझौते के सभी बिंदुओं का समयबद्ध तरीके से पालन कराया जाएगा।
समझौते के बाद कर्मचारियों में संतोष देखने को मिला और उन्होंने नगर पालिका प्रशासन व जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। हड़ताल समाप्त होने से बाजार क्षेत्रों और आवासीय इलाकों में फैली गंदगी से आम लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस मौके पर नंदनी वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड प्रबंधक अभिषेक पांडे, सभासद राजेश भट्ट,संदीप नेगी, अरुण सोलंकी, संदीप नेगी, हिमांशु राणा, ईश्वर सिंह रौथाण, जयपाल वाल्मीकि, राजू लॉट,बिरू सिंह,सोम कुमार आदि कर्मचारी मौजूद थे।



