निशंक के दिल्ली आवास पर सजा भाजपा का रणनीति मंथन, उत्तराखंड के विकास की बनी नई रूपरेखा, (मानसून सत्र के दौरान सांसदों ने विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठनात्मक मजबूती पर किया विचार-विमर्श, जनहित में समन्वित प्रयासों का लिया संकल्प)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
संसद के मानसून सत्र के दौरान उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के नई दिल्ली स्थित आवास पर भाजपा सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी तथा नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट सहित अन्य नेताओं ने भाग लिया।
बैठक में उत्तराखंड के विकास, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया गया।
डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की आवाज़ को संसद तक पहुँचाने के साथ-साथ सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने जनसेवा और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध सभी का अधिकार है, लेकिन कानून व्यवस्था भंग करना और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाना उचित नहीं है। वहीं अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना सभी जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है।
बैठक के अंत में सभी नेताओं ने उत्तराखंड के विकास, संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।



