शिक्षा नीतियों के विरोध में कांग्रेस सेवा दल का मौन प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन, (हेमा पुरोहित के नेतृत्व में डोईवाला डिग्री कॉलेज के बाहर धरना, छात्र हितों की रक्षा की उठाई मांग)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस सेवा दल ने डोईवाला डिग्री कॉलेज के मुख्य द्वार पर मौन प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मौन धारण कर शिक्षा व्यवस्था और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस सेवा दल के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के माध्यम स राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों की समीक्षा कर छात्र हितों की रक्षा सुनिश्चित करने, युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हस्तक्षेप की मांग की गई।
मौन प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और घटना को दुखद बताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की जिम्मेदारी है। छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर मनमाने फैसले स्वीकार नहीं किए जाएंगे। कांग्रेस सेवा दल लोकतांत्रिक तरीके से छात्रों की आवाज लगातार उठाता रहेगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि छात्रों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। सरकार को शिक्षा से जुड़े सभी निर्णय छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से संवाद के बाद लेने चाहिए, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अधिकार मिल सके।
प्रदर्शन में कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी, कांग्रेस वरिष्ठ नेता मनोज नौटियाल, सुनील बर्मन, राहुल आर्य, उमा देवी सावित्री थापा, दीपेश संदीप डोभाल, नवदीप, प्रवीण सैनी प्रदीप, विवेक सैनी आदि के अलावा कांग्रेस सेवा दल एवं कांग्रेस संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



